प्रतिद्वंद्वी खिलाड़ियों को हराकर हासिल की शानदार सफलता, विद्यालय परिवार ने किया सम्मानित
DCB न्यूज, नवापारा-राजिम। स्थानीय दावड़ा इंटरनेशनल स्कूल की 8 वर्षीय छात्रा नीलांजना मिश्रा ने धमतरी के इंडोर स्टेडियम में आयोजित राज्य स्तरीय कराते प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया। प्रतियोगिता में नीलांजना ने अपने प्रतिद्वंद्वी खिलाड़ियों को परास्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। उनकी इस उपलब्धि पर कार्यक्रम में उपस्थित धमतरी कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने उन्हें गोल्ड मेडल पहनाकर सम्मानित किया।

ज्ञात हो कि नीलांजना को बचपन से ही कराते के प्रति विशेष रुचि रही है। वह अपने कोच राजेश गिलहरे, देवेंद्र भारद्वाज, सुनील साहू एवं विद्यालय के कोच जितेंद्र यादव के मार्गदर्शन में नियमित अभ्यास करती हैं। उनकी निरंतर मेहनत, अनुशासन और लगन का ही परिणाम है कि उन्होंने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में शानदार सफलता हासिल की।

इस प्रतियोगिता में नवापारा से 11 खिलाड़ी शामिल होने धमतरी पहुंचे थे। आयोजन में धमतरी, रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, महासमुंद सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों के कराते खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।नीलांजना ने अपनी सफलता का श्रेय अपने कोच, विद्यालय परिवार तथा माता वर्षा मिश्रा एवं पिता पंडित संतोष मिश्रा को दिया। विद्यालय परिसर में भी सेंटर हेड कविता शर्मा एवं प्राचार्य यास्मीन खान ने नीलांजना का सम्मान कर उसकी उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की। इस उपलब्धि पर मानव रचना एजुकेशन सोसाइटी के चेयरमेन प्रकाश दावड़ा एवं चेयरपर्सन प्रगति दावड़ा मिरानी ने भी नीलांजना को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। नीलांजना की इस सफलता से विद्यालय सहित नवापारा नगर में हर्ष का माहौल है।