वार्ड क्रमांक 5 के उपचुनाव की तैयारियों पर भी होगी चर्चा, पूर्व मंत्री धनेन्द्र साहू सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रहेंगे मौजूद
DCB न्यूज, नवापारा-राजिम: गोबरा-नवापारा में गुरुवार 19 नवंबर को कांग्रेस द्वारा जनसंवाद एवं बूथ स्तरीय जनचौपाल कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। नेहरू गार्डन स्थित सामुदायिक भवन, वार्ड क्रमांक 5 में शाम 4 बजे आयोजित इस कार्यक्रम में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय सह-सचिव एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सह-प्रभारी तथा रायपुर ग्रामीण जिला कांग्रेस कमेटी के प्रभारी विजय जांगिड़ विशेष रूप से शामिल होंगे।
कांग्रेस के ‘वोट चोरी–देश बचाओ, लोकतंत्र बचाओ’ अभियान के तहत आयोजित जनचौपाल में मतदाता सूची की पारदर्शिता, पात्र नागरिकों के मताधिकार की सुरक्षा और लोकतांत्रिक व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। इस दौरान आम नागरिकों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं, सुझावों और मतदाता अधिकारों से जुड़ी चिंताओं को भी सुना जाएगा।

कार्यक्रम में गोबरा-नवापारा नगर पालिका के वार्ड क्रमांक 5 में होने वाले उपचुनाव की तैयारियों पर भी विशेष चर्चा होगी। इसमें बूथ स्तर पर संगठन की मजबूती, चुनावी व्यवस्थाओं, स्थानीय जनसमस्याओं और क्षेत्र के विकास से जुड़े मुद्दों पर पदाधिकारियों के साथ विचार-विमर्श किया जाएगा।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के पूर्व मंत्री धनेन्द्र साहू, जिला कांग्रेस कमेटी रायपुर ग्रामीण के अध्यक्ष राजेंद्र पप्पू बंजारे, नगर पालिका के नेता प्रतिपक्ष सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, जिला एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, पार्षद, मंडल अध्यक्ष और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की उपस्थिति प्रस्तावित है।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी नवापारा ने सभी कांग्रेस पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्र के नागरिकों से कार्यक्रम में शामिल होकर लोकतंत्र, मताधिकार और स्थानीय जनहित के मुद्दों पर अपने विचार साझा करने की अपील की है। उक्ताशय की जानकारी नवापारा ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रामा यादव व महामंत्री सुरेंद्र साहू ने दी.