450 गौवंश की सेवा और पारंपरिक पूजा-अर्चना के बीच जुटे हजारों गौभक्त, गौ माता को राष्ट्र माता घोषित करने की मांग को लेकर 17 दिसंबर की रैली में शामिल होने का आह्वान
नईदुनिया न्यूज, नवापारा-राजिम: नगर की 108 वर्ष प्राचीन गोपाल गौशाला में मंगलवार, 17 नवंबर को गोपाष्टमी पर्व श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ धूमधाम से मनाया गया। गौशाला परिसर में आयोजित इस धार्मिक आयोजन में हजारों की संख्या में गौभक्त शामिल हुए। वर्तमान में गौशाला में लगभग 450 गौवंश की सेवा की जा रही है। पर्व को लेकर पूरे गौशाला परिसर को गोबर से लीपकर आकर्षक रंगोली, झालर और रोशनी से सजाया गया था। वहीं दिनभर गौ माता के भजनों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
गौशाला समिति के सचिव राजू काबरा एवं उपाध्यक्ष प्रफुल्ल दुबे ने संयुक्त विज्ञप्ति में बताया कि प्रतिवर्ष की परंपरा के अनुसार आयोजन का शुभारंभ गौशाला स्थित हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ हुआ। पंडित देवेंद्र दुबे ने हनुमानजी को चोला एवं नवीन वस्त्र अर्पित किए तथा सत्यनारायण भगवान की कथा सुनाई। इस दौरान यजमान के रूप में गौशाला समिति के सहसचिव एवं गौ सम्मान अभियान के प्रभारी रूपेंद्र चंद्राकर अपनी धर्मपत्नी लीना चंद्राकर के साथ उपस्थित रहे।

इसके पश्चात गौ माता की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। यादव समाज के सदस्यों ने घटोरिया में पूजा करने के बाद गौशाला पहुंचकर पारंपरिक राउत दोहा लगाते हुए गौ माता एवं देवी-देवताओं की आराधना की। इस दौरान गायों को सोहाई बांधकर गोपाष्टमी पर्व की परंपरा निभाई गई तथा गौ माता को खिचड़ी खिलाई गई।
आयोजन में शामिल गौभक्तों के लिए हलवा, पोहा और चाय की व्यवस्था की गई थी। साथ ही दोपहर में सामूहिक भोजन का आयोजन भी हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की।

गौ माता को राष्ट्र माता घोषित करने का आह्वान
कार्यक्रम के दौरान गौ माता को राष्ट्र माता घोषित करने की मांग को लेकर राजू काबरा, प्रफुल्ल दुबे एवं रूपेंद्र चंद्राकर ने अपने विचार रखे। उन्होंने 17 दिसंबर को रायपुर में आयोजित रैली में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर गौ माता को राष्ट्र माता घोषित करने की मांग को समर्थन देने का आह्वान किया।
इस अवसर पर गौशाला समिति के कार्यकारी अध्यक्ष संतोष माखीजा, कोषाध्यक्ष सुरेश काबरा सहित मेघनाथ साहू, नंदकिशोर राठी, धरम, रविशंकर साहू, ललित गंडेचा, गोविंद राजपाल, अन्नौरण देवांगन, साधना सौरज, कविता इसरानी, सुंदर सिंह ठाकुर, दीपक पोद्दार, प्रतीक, प्रणय अग्रवाल, तेजा गदिया, प्रताप छाबड़ा, संगीता गोयल, सचिन गोयल, ओम सारडा, आरती एवं किरण काबरा सहित बड़ी संख्या में गौभक्त उपस्थित रहे।
अंत में गौशाला समिति ने गोपाष्टमी पर्व के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी गौभक्तों, श्रद्धालुओं एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।