निर्धारित समय में बकाया जमा नहीं करने पर नल कनेक्शन काटने सहित होगी नियमानुसार कार्रवाई :
नपा. अध्यक्ष ओमकुमारी संजय साहू
DCB न्यूज, नवापारा-राजिम: नगर पालिका परिषद गोबरा नवापारा में राजस्व वसूली को लेकर अब सख्ती बरती जाएगी। लंबे समय से जल शुल्क, संपत्ति कर और समेकित कर जमा नहीं करने वाले बड़े बकायादारों को नगर पालिका प्रशासन द्वारा 15 दिन का नोटिस जारी किया जाएगा। निर्धारित समयावधि में बकाया राशि जमा नहीं करने पर संबंधित उपभोक्ताओं और करदाताओं के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

नगर पालिका अध्यक्ष ओमकुमारी संजय साहू की अध्यक्षता में राजस्व वसूली की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर पालिका उपाध्यक्ष भूपेंद्र सोनी एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी की उपस्थिति में राजस्व निरीक्षक सहित सभी वार्डों के वसूली प्रभारी शामिल हुए।
बैठक में लंबे समय से जल शुल्क, संपत्ति कर एवं समेकित कर का भुगतान नहीं करने वाले बकायादारों के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई। अध्यक्ष ओमकुमारी संजय साहू ने कहा कि नागरिकों द्वारा समय पर कर एवं जल शुल्क का भुगतान नहीं किए जाने से नगर पालिका की राजस्व वसूली प्रभावित हो रही है। इसका सीधा असर नगर के विकास कार्यों और आवश्यक नागरिक सुविधाओं के सुचारु संचालन पर पड़ता है। उन्होंने सभी बकायादारों से समय पूर्व कर पालिका मे अदा कर परेशानी से बचने व पालिका प्रसाशन को सहयोग करने की बात कही.