दुलना में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण सेवा का शुभारंभ, स्वच्छता अभियान में ग्रामीणों की सहभागिता


DCB न्यूज, नवापारा राजिम : समीपस्थ ग्राम दुलना में स्वच्छता की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण सेवा का शुभारंभ किया गया। इस अभियान का संचालन सरस्वती महिला समूह द्वारा किया जा रहा है, जिसके तहत समूह की महिलाएं रिक्शा के माध्यम से घर-घर पहुंचकर कचरा संग्रहित करेंगी तथा ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करेंगी।

school 16x25 f 33205319341257161113
विज्ञापन


योजना के तहत ग्राम के प्रत्येक घर, दुकान एवं संस्थानों से ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमावली के अनुसार चार प्रकार के कचरे—गीला, सूखा, सैनेटरी तथा विशेष खतरनाक कचरा—को अलग-अलग एकत्रित किया जाएगा। संग्रहित कचरे को मणिकंचन केंद्र पहुंचाया जाएगा, जहां उसका पृथक्करण एवं वैज्ञानिक तरीके से निपटान किया जाएगा। इससे गांव में स्वच्छता बढ़ेगी, पर्यावरण संरक्षण को बल मिलेगा तथा कचरे के उचित प्रबंधन की व्यवस्था सुनिश्चित होगी।


इस कार्य के शुभारंभ से ग्रामीणों में उत्साह का माहौल है। वहीं महिला समूह की सदस्याएं भी इस नई जिम्मेदारी एवं रोजगार के अवसर से प्रसन्न हैं। वर्तमान में सरस्वती महिला समूह की 12 सदस्यीय टीम इस योजना का संचालन करेगी। समूह की अध्यक्ष रोहिणी साहू के नेतृत्व में भारती निषाद, सावित्री निषाद, भोज साहू, गंगा साहू, रेणुका साहू, सुनीता साहू, तीजन साहू, सोहागा साहू, अन्नपूर्णा साहू, अमृत साहू एवं ललिता साहू इस अभियान में सक्रिय भूमिका निभाएंगी।

गाँव बनेगा स्वच्छ व खुशहाल , महिलाओ को मिलेगा रोजगार.. सरपंच नंदकुमार साहू

img 20260608 1948137758138595828196763
नंदकुमार साहू – सरपंच – ग्राम दुलना


ग्राम सरपंच नंदकुमार साहू ने बताया कि इस योजना से गांव को कचरा मुक्त और स्वच्छ बनाने में बड़ी सहायता मिलेगी। साथ ही महिला समूह की सदस्याओं को स्वरोजगार का अवसर भी प्राप्त होगा। उन्होंने बताया कि पंचायत की ओर से समूह को प्रतिमाह 5 हजार रुपये की अनुदान राशि प्रदान की जाएगी। इसके अतिरिक्त डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण सेवा के अंतर्गत हितग्राहियों से 20 रुपये मासिक सहयोग राशि भी ली जा सकेगी।


सरपंच ने सभी ग्रामवासियों से अपील करते हुए कहा कि वे कचरे को अलग-अलग श्रेणियों में विभाजित कर स्वच्छता दीदियों को सौंपें तथा इस जनहितकारी योजना को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग दें। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही दुलना को स्वच्छ, सुंदर और आदर्श गांव बनाया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *