राजेश साहू को किसान मितान अभियान के रायपुर संभाग संयोजक की जिम्मेदारी

छह जिलों में अभियान को देंगे गति, ‘हर बूथ–10 किसान मितान’ के संकल्प को साकार करने पर रहेगा जोर

DCB न्यूज, नवापारा-राजिम। भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा छत्तीसगढ़ के प्रदेश मंत्री एवं धमतरी जिला प्रभारी राजेश साहू को किसान मितान गठन अभियान के तहत रायपुर संभाग संयोजक की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस नियुक्ति से भाजपा कार्यकर्ताओं एवं किसान साथियों में उत्साह का माहौल है।
भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष आलोक सिंह ठाकुर के नेतृत्व में संचालित इस अभियान का उद्देश्य किसानों को संगठन से जोड़ना, बूथ स्तर पर मजबूत किसान नेटवर्क तैयार करना तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की किसान हितैषी योजनाओं की जानकारी अंतिम पंक्ति के किसानों तक पहुंचाना है।

img 20261117 2003554536679045440439724
राजेश साहू


रायपुर संभाग संयोजक के रूप में राजेश साहू रायपुर शहर, रायपुर ग्रामीण, बलौदाबाजार, महासमुंद, गरियाबंद एवं धमतरी सहित छह जिलों में अभियान के प्रभावी संचालन, संगठनात्मक समन्वय और बूथ स्तर पर विस्तार की जिम्मेदारी निभाएंगे।
उल्लेखनीय है कि राजेश साहू लंबे समय से भाजपा संगठन में सक्रिय भूमिका निभाते आ रहे हैं। वे पूर्व में भाजपा रायपुर ग्रामीण के जिला प्रवक्ता एवं जिला सह-प्रभारी सहित विभिन्न संगठनात्मक दायित्वों का निर्वहन कर चुके हैं। वर्तमान में वे किसान मोर्चा के प्रदेश मंत्री एवं धमतरी जिला प्रभारी हैं। किसानों और ग्रामीण क्षेत्रों से उनका निरंतर जुड़ाव रहा है।
नई जिम्मेदारी मिलने पर राजेश साहू ने प्रदेश अध्यक्ष आलोक सिंह ठाकुर एवं संगठन के वरिष्ठ नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि रायपुर संभाग के सभी छह जिलों में पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के सहयोग से ‘हर बूथ–10 किसान मितान’ के संकल्प को धरातल पर उतारना उनकी प्राथमिकता रहेगी। किसानों की समस्याओं को उचित मंच तक पहुंचाने के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में संचालित किसान कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रत्येक किसान तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि किसान देश की अर्थव्यवस्था और आत्मनिर्भर भारत की मजबूत आधारशिला हैं। किसान मितान अभियान किसानों और संगठन के बीच संवाद, विश्वास एवं सहभागिता का मजबूत सेतु बनेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *