छठव्रतियों ने अस्ताचलगामी सूर्य को दिया अर्घ्य, महानदी तट पर उमड़ा श्रद्धालुओं का जनसैलाब

पालिका अध्यक्ष ओमकुमारी साहू पहुंची छठ घाट, उत्तर भारतीय परिवारों से मिलकर दी पर्व की शुभकामनाएं

img 20261115 wa0022952286017924588623
छठ व्रती महिलाओं के बीच पालिका अध्यक्ष एवं कुमारी साहू

DCB न्यूज, नवापारा-राजिम: लोक आस्था, श्रद्धा और सूर्य उपासना के महापर्व छठ पूजा के तीसरे दिन रविवार को नवापारा-राजिम के महानदी तट स्थित छठ घाट व एनिकट के पास भक्तिमय माहौल देखने को मिला। अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने के लिए बड़ी संख्या में छठव्रती महिलाएं अपने परिवार के सदस्यों के साथ घाट पहुंचीं थी । पारंपरिक वेशभूषा, पूजा की सजी हुई टोकरी, फल-फूल और दीपों से सजा घाट आस्था और भक्ति का अद्भुत केंद्र बन गया। छठव्रतियों ने पूरी श्रद्धा और विधि-विधान के साथ भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और निरोगी जीवन की कामना की।

img 20261115 wa00205457365056665690301


छठ महापर्व को लेकर सुबह से ही श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल रहा। शाम होते-होते महानदी तट पर छठव्रतियों और उनके परिजनों की भीड़ बढ़ने लगी। व्रती महिलाएं पूजा सामग्री से सजे दउरा और सूप लेकर घाट पहुंचीं। अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही छठी मैया की पूजा-अर्चना की गई। घाट पर छठ गीतों की मधुर गूंज और श्रद्धालुओं की सामूहिक उपासना से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।

छठ घाट पहुंची पालिका अध्यक्ष ओमकुमारी संजय साहू

इस अवसर पर पालिका अध्यक्ष ओमकुमारी संजय साहू अपने समर्थकों के साथ छठ घाट पहुंची । उन्होंने छठ पूजा कर रहे उत्तर भारतीय परिवारों से मुलाकात की और उन्हें महापर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। पालिका अध्यक्ष ओमकुमारी साहू ने कहा कि छठ महापर्व भारतीय संस्कृति, आस्था और परंपरा का महत्वपूर्ण पर्व है। यह पर्व हमें प्रकृति और ऊर्जा के सबसे बड़े स्रोत भगवान सूर्य के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने की प्रेरणा देता है। छठ पूजा में स्वच्छता, अनुशासन, संयम और सामूहिक सहभागिता का विशेष महत्व है। ऐसे पर्व समाज में आपसी भाईचारे, प्रेम और एकता की भावना को मजबूत करते हैं।


छठ पूजा के अवसर पर महानदी तट का नजारा बेहद मनोहारी रहा। महिलाएं पारंपरिक छठ गीत गाते हुए सूर्यदेव की आराधना में लीन नजर आईं। परिवार के सदस्य भी पूजा में सहयोग करते दिखाई दिए। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में पर्व को लेकर खास उत्साह रहा। छठ महापर्व केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि परिवार, समाज और प्रकृति के बीच गहरे संबंध का प्रतीक भी है।
चार दिनों तक चलने वाले इस महापर्व के अंतिम दिन सोमवार को छठव्रती महिलाएं उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगी। इसके साथ ही व्रत का पारण कर छठ महापर्व का समापन होगा। नवापारा-राजिम में छठ पूजा के आयोजन ने एक बार फिर सामाजिक सद्भाव, सांस्कृतिक एकता और सामूहिक आस्था की सुंदर तस्वीर प्रस्तुत की।

img 20261115 wa00161036049718024487603

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *