नईदुनिया न्यूज, नवापारा राजिम : युवा भाजपा नेता किशोर देवांगन ने नवापारा नगर सहित आसपास के गांवों का लगातार दौरा कर भाजपा कार्यकर्ताओं और वरिष्ठों को उनके मोबाइल में “सरल ऐप” के माध्यम से डिजिटल लर्निंग प्लेटफार्म का प्रशिक्षण दे रहे हैं । इस कार्य में किशोर के युवा सहयोगी व कार्यकर्ता भी उनका बराबर साथ दे रहे हैं । दो दिनों से हो रही रिमझिम बारिश और खराब मौसम के बीच भी किशोर और उनके युवा साथियों का यह क्रम निर्बाध जारी है ।

जानकारी देते हुए देवांगन ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी का “डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म”, पार्टी कार्यकर्ताओं को विचारधारा, संगठन, और सुशासन का प्रशिक्षण देने के लिए बनाया गया एक ऑनलाइन सिस्टम है । यह पूरा सिस्टम कार्यकर्ताओं को तकनीकी रूप से सशक्त बनाने और पार्टी संगठन को मजबूत करने के लिए तैयार किया गया है । इसे पार्टी के स्थापना दिवस 6 अप्रैल पर लॉन्च किया गया था, जिसे मुख्य रूप से “सरल ऐप” के माध्यम से एक्सेस किया जा सकता है । इसका उद्देश्य कार्यकर्ताओं को पार्टी के इतिहास, विचारधारा, और सरकारी नीतियों की डिजिटल रूप से सटीक जानकारी देना है । इसमें वीडियो मॉड्यूल, इंटरैक्टिव क्विज़/आकलन, और गेमफाइड बैज आदि फीचर्स शामिल है । पाठ्यक्रम पूरा करने और ऑनलाइन परीक्षा पास करने के बाद कार्यकर्ताओं को डिजिटल सर्टिफिकेट भी दिए जाते हैं ।