बेहतरीन समन्वय, अनुशासन और दमदार प्रदर्शन से जीता दर्शकों का दिल
नवापारा राजिम:- रायपुर जिला अंतर्गत अभनपुर में मंगलवार को युवा की शक्ति सांसद खेल महोत्सव का आयोजन सम्पन्न हुआ. जहाँ शिवांश इंटरनेशनल स्कूल के छात्र-छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए टग ऑफ वार में प्रथम स्थान, बास्केट बॉल में प्रथम स्थान सहित संस्था के छात्र निश्चल साहू ने चेस में जोन लेवल में प्रथम स्थान प्राप्त कर गोल्ड मेडल अपने नाम किया। प्रतियोगिता में जिले के कई स्कूलों ने हिस्सा लिया, लेकिन शिवांश इंटरनेशनल स्कूल के बच्चों ने अपनी उत्कृष्ट प्रतिभा, मेहनत और खेल-भावना से सबका ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया।

खेल महोत्सव में आयोजित विभिन्न खेलों में स्कूल के बच्चों ने बेहतरीन समन्वय, अनुशासन और दमदार प्रदर्शन का परिचय दिया। निर्णायकों ने भी बच्चों की फुर्ती, आत्मविश्वास और टीम वर्क की सराहना की। गोल्ड मेडल जीतने के बाद स्कूल में खुशी का माहौल है।
स्कूल प्रबंधन और शिक्षकों ने बच्चों को उनकी उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता न सिर्फ विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत का परिणाम है बल्कि स्कूल के खेल प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन और निरंतर अभ्यास का भी प्रतिफल है।

माता-पिता ने भी इस उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए बच्चों का उत्साहवर्धन किया। बच्चों ने कहा कि आगे वे राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर स्कूल और क्षेत्र का नाम रोशन करना चाहते हैं।
