महिला सशक्तिकरण पर एक दिवसीय कार्यशाला का सफल आयोजन संपन्न
नवापारा-राजिम:- स्थानीय सेठ फूलचंद अग्रवाल स्मृति महाविद्यालय में महिला सशक्तिकरण विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन आईक्यूएसी के तत्वावधान में स्नातकोत्तर समाजशास्त्र एवं स्नातकोत्तर कम्प्यूटर विभाग के सहयोग से सम्पन्न हुआ। इस कार्यशाला का उद्देश्य छात्राओं एवं प्रतिभागियों में जागरूकता, आत्मविश्वास तथा नेतृत्व क्षमता का विकास करना था। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्री पी. एन.शाह (नेशनल बोर्ड फॉर वर्कर्स एजुकेशन एंड डेवलपमेंट, शिक्षा अधिकारी) उपस्थित रहे। कार्यशाला के सत्र की शुरुआत करते हुए समाजशास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ सी.एल.साहू ने महिला सशक्तिकरण की आवश्यकता पर कहा कि पुरुष पढता लिखता है तो स्वयं शिक्षित होता है परंतु महिला शिक्षित होती है तो पूरा परिवार शिक्षित होता है।
प्राचार्य डॉ.शोभा गावरी ने स्वागत उद्बोधन में कहा कि महिला सशक्तिकरण समाज के समग्र विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है साथ ही उन्होंने छात्राओं को अवसरों का सदुपयोग करने हेतु प्रेरित किया। शासी.निकाय की डायरेक्टर श्रीमती भावना यश अग्रवाल ने कहा कि नारी आज हर क्षेत्र में पुरुषों से कंधा मिलाकर चल रही हैं। आज देश और समाजोत्थान लिए महिला सशक्तिकरण सर्वोपरि है।

उपप्राचार्य डॉ मनोज मिश्रा ने कहा कि समाज और देश के सर्वांगीण विकास के लिए महिला सशक्तिकरण महत्वपूर्ण और आवश्यक कदम है। श्री पी.एन.शाह ने अपने व्याख्यान में कहा कि महिला सशक्तिकरण किसी भी राष्ट्र की प्रगति की कुंजी है। उन्होंने महिलाओं की शिक्षा, आर्थिक स्वतंत्रता तथा निर्णय-निर्माण में सक्रिय भागीदारी के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि जब महिलाएँ आत्मनिर्भर और आत्मविश्वासी होती हैं, तब समाज में सकारात्मक परिवर्तन स्वाभाविक रूप से आता है।
कम्प्यूटर विभागाध्यक्ष डॉ.देवेंद्र चाफेकर ने कहा कि आज डिजिटल क्रांति के बढ़ते दौर में तकनीकी शिक्षा में महिलाओं का योगदान बढ़ता जा रहा है अतः महिला सशक्तिकरण एक महत्पूर्ण प्रयास है। कार्यक्रम संचालक प्रो. महेन्द्रनाथ द्विवेदी ने इस कार्यशाला को एक प्रेरणादायी पहल बताते हुए आईक्यूएसी की ओर से सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर डॉ. राजेश श्रीवास, डॉ. राजेश्वरी चंद्राकर, प्रो.डी.पी.साहू डॉ.डी.एन.साहू, डॉ.विकास बंजारे सहित संकाय सदस्य और छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।