पहली बार महिलाओं की भागीदारी बनी आकर्षण, झेरिया और कोसरिया यादव समाज ने मिलकर मनाया मातर तिहार
DCB न्यूज, नवापारा-राजिम: ग्राम पोड़ में यादव समाज द्वारा मातर महोत्सव के अवसर पर राउत नाचा एवं अखाड़ा का भव्य आयोजन किया गया। इस वर्ष आयोजन का विशेष आकर्षण यादव समाज की लगभग 40 बालिकाओं एवं महिलाओं द्वारा हाथों में डंडा लेकर प्रस्तुत किया गया राउत नाचा रहा। ग्राम पोड़ के इतिहास में पहली बार इतनी बड़ी संख्या में महिलाएं एवं बालिकाएं राउत नाचा में शामिल हुईं। उनकी शानदार प्रस्तुति का ग्रामीणों ने खूब आनंद उठाया।
वहीं ग्राम मंदलोर से बाबूलाल यादव के नेतृत्व में पहुंचे यादव समाज के बालक-बालिकाओं ने अखाड़ा का शानदार प्रदर्शन किया। उल्लेखनीय है कि पिछले दो वर्षों से गांव में शांतिपूर्ण माहौल बना हुआ है, जिसके चलते महिलाएं एवं बालिकाएं भी उत्साहपूर्वक सांस्कृतिक आयोजनों में भाग ले रही हैं।

गांव में नए जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामसभा के माध्यम से नशापान पर अंकुश लगाने का प्रयास किया जा रहा है। इससे प्रेरित होकर यादव समाज ने भी समाज के लोगों से नशामुक्त रहने और दीपावली पर्व को धूमधाम से मनाने का आह्वान किया था। इसी पहल के तहत झेरिया एवं कोसरिया दोनों यादव समाज ने सामूहिक रूप से दीपावली पर्व, मातर तिहार, गोवर्धन पूजा एवं ठाकुर जोहार कार्यक्रम पूरे उत्साह और उमंग के साथ मनाया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जनपद पंचायत अभनपुर के सभापति ब्रह्मानंद साहू थे। अध्यक्षता ग्राम पंचायत पोड़ के सरपंच भूपेश ध्रुव ने की। विशेष अतिथि के रूप में उपसरपंच रमाकांत साहू, प्राधिकृत अधिकारी शिवगोविंद वर्मा, ग्रामसभा अध्यक्ष खेमचंद गिलहरे, ग्रामसभा सचिव युवराज बारले, पूर्व जनपद सदस्य मानु तिवारी, वरिष्ठ नागरिक जगतु निर्मलकर, मुकेश साहू एवं मेघनाथ चंद्राकर उपस्थित रहे।

आयोजन को सफल बनाने में कपिल यादव, जगदीश यादव, मिट्ठू यादव, ओमप्रकाश यादव, जवाहर यादव, लक्ष्मण यादव, जगतु यादव, संतोष यादव, दानी यादव, धनेश यादव, नरेश यादव, बिसोहा यादव, टीकम यादव, लेखराम यादव, लच्छू यादव, त्रिलोकी यादव, नीलकंठ, डेमन एवं गुलशन सहित यादव समाज के लोगों का सराहनीय योगदान रहा।