नवापारा सहकारी समिति मे धान खरीदी का हुआ शंखनाद, नगर पालिका अध्यक्ष ने विधिवत पूजा-अर्चना कर किया शुभारंभ

किसान परिवार की बेटी हूं, किसानों के अटूट धैर्य, दिन-रात की मेहनत और प्रकृति से संघर्ष को भली-भांति समझती हूं : ओमकुमारी

DCB न्यूज, नवापारा-राजिम: छत्तीसगढ़ में 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का महाअभियान शुरू हो गया है। इसी कड़ी में नवापारा धान उपार्जन केंद्र में नगर पालिका अध्यक्ष ओमकुमारी-संजय साहू, उपाध्यक्ष भूपेंद्र सोनी, किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष परदेसी राम साहू एवं मंडी समिति अध्यक्ष छन्नू लाल साहू, महिला मोर्चा अध्यक्ष धनमती साहू व तहसीलदार चंद्रशेखर मंडाई ने छत्तीसगढ़ महतारी, तौल मशीन और धान की विधिवत पूजा-अर्चना कर धान खरीदी का शुभारंभ किया।

img 20261115 wa0033672736892522801576

इस अवसर पर उपार्जन केंद्र में धान बेचने पहुंचे किसानों का नगर पालिका अध्यक्ष ने तिलक लगाकर स्वागत किया। धान खरीदी की शुरुआत के साथ ही केंद्र में किसानों की चहल-पहल बढ़ गई और किसानों में खासा उत्साह देखने को मिला। जनप्रतिनिधियों ने खरीदी केंद्र की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए धान की तौल, खरीदी प्रक्रिया एवं किसानों को मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित जिम्मेदारों को निर्देशित किया कि किसानों को उपज बेचने के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो। साथ ही अनावश्यक इंतजार से बचाने और खरीदी प्रक्रिया को सुचारु एवं पारदर्शी बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया जाए।

इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष ओमकुमारी-संजय साहू ने कहा कि मैं स्वयं किसान परिवार की बेटी हूं, इसलिए किसानों के अटूट धैर्य, दिन-रात की मेहनत और प्रकृति के साथ उनके संघर्ष को भली-भांति समझती हूं। फसल उत्पादन केवल एक व्यवसाय नहीं, बल्कि किसानों के परिश्रम, धैर्य और समर्पण की कहानी है। खेत में बीज बोने से लेकर अनाज को उपार्जन केंद्र तक पहुंचाने के हर चरण में किसान अनेक चुनौतियों का सामना करते हैं।

उन्होंने कहा कि किसान तपती धूप, कड़ाके की ठंड और मूसलाधार बारिश की परवाह किए बिना खेतों में मेहनत करते हैं। सूर्योदय से पहले सिंचाई, निंदाई-बुवाई और फसल की रखवाली उनकी दिनचर्या का हिस्सा है। ऐसे अन्नदाताओं की मेहनत का सम्मान करना हम सभी का दायित्व है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा समर्थन मूल्य पर पारदर्शी तरीके से धान खरीदी की व्यवस्था किसानों के परिश्रम और योगदान के प्रति सम्मान को दर्शाती है। किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिले और खरीदी प्रक्रिया में किसी तरह की असुविधा न हो, यही प्राथमिकता होनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *