विधायक इंद्र कुमार साहू ने अभनपुर क्षेत्र के पांच उपार्जन केंद्रों में किया धान खरीदी महाअभियान का विधिवत शुभारंभ

टेकारी में 13.50 लाख की लागत से नवनिर्मित ‘किसान कुटीर’ की दी सौगात

img 20261115 wa00304541579647541750506

नईदुनिया न्यूज, नवापारा राजिम : छत्तीसगढ़ शासन द्वारा खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी महाअभियान का आज से पूरे प्रदेश के साथ-साथ अभनपुर विधानसभा क्षेत्र में भी भव्य और उत्साहपूर्ण शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर अभनपुर विधायक इंद्र कुमार साहू ने क्षेत्र के पांच प्रमुख धान उपार्जन केंद्रों—बेंद्री, सिवनी, टेकारी, अभनपुर एवं उमरपोटी—में पहुँचकर छत्तीसगढ़ महतारी एवं भगवान बलराम के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन, विधिवत पूजा-अर्चना तथा इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटे का पूजन कर धान खरीदी कार्य का शुभारंभ किया । इस दौरान उन्होंने ग्राम
टेकारी में 13.50 लाख के सर्वसुविधायुक्त किसान कुटीर का लोकार्पण किया. इस आधुनिक किसान कुटीर के बन जाने से खरीदी केंद्र में अपनी उपज बेचने आने वाले दूर-दराज के किसानों को धूप, बारिश और कड़ाके की ठंड से बड़ी राहत मिलेगी । साथ ही उन्हें विश्राम करने, बैठने और आपसी चर्चा करने के लिए एक स्वच्छ व सुरक्षित परिसर उपलब्ध होगा। ग्रामीणों और किसानों ने इस महत्वपूर्ण सौगात के लिए विधायक श्री साहू का आत्मीय अभिनंदन किया ।

img 20261115 wa00287799182825964204374

प्रथम किसानों का सम्मान एवं केंद्रों की व्यवस्थाओं का सघन निरीक्षण

शुभारंभ कार्यक्रम के दौरान सभी पांचों खरीदी केंद्रों में विधायक श्री साहू ने धान बेचने पहुँचे प्रथम किसानों का फूल-माला पहनाकर, तिलक लगाकर और मिठाई खिलाकर आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया । इसके पश्चात उन्होंने सभी केंद्रों में धान खरीदी से जुड़ी तैयारियों—जैसे बारदाने की पर्याप्त उपलब्धता, इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीनों की सटीकता, नमी मापक यंत्र (मॉइस्चर मीटर), स्वच्छ पेयजल, छाया, प्रकाश व्यवस्था, शौचालय तथा धान के सुरक्षित भंडारण (स्टैकिंग) व डनेज की व्यवस्था—का बारीकी से निरीक्षण किया । उन्होंने मौके पर उपस्थित सहकारी समितियों के प्रबंधकों, फड़ प्रभारियों तथा प्रशासनिक अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि उपार्जन केंद्रों में पूरी पारदर्शिता बरती जाए और किसी भी किसान को टोकन कटवाने, तौलाई या भुगतान को लेकर किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।

“अन्नदाताओं की समृद्धि और सम्मान हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता” — विधायक इंद्र कुमार साहू
उपस्थित जनसमूह और किसान भाइयों को संबोधित करते हुए विधायक इंद्र कुमार साहू ने कहाकि
“छत्तीसगढ़ की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हमारे अन्नदाता किसान हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के कुशल नेतृत्व में हमारी सरकार किसानों के सम्मान, सुविधा और आर्थिक समृद्धि के लिए पूरी तरह समर्पित होकर कार्य कर रही है। सरकार अपने वादे के अनुरूप किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान 3,100 रू. प्रति क्विंटल की दर से खरीद रही है, जिससे किसानों के जीवन में खुशहाली आ रही है। हमारा निरंतर प्रयास है कि खरीदी केंद्रों में किसान कुटीर, चबूतरा निर्माण और शेड जैसे बुनियादी ढांचे का विस्तार कर किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि उन्हें अपनी उपज बेचने में गर्व और सहजता का अनुभव हो।”

img 20261115 wa00292039367429262163526

जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं किसानों की रही गरिमामयी उपस्थिति

इस पूरे कार्यक्रम के दौरान बेंद्री, सिवनी, टेकारी, अभनपुर एवं उमरपोटी केंद्रों में स्थानीय जनप्रतिनिधि, जनपद एवं ग्राम पंचायतों के पदाधिकारी, प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों के अध्यक्ष एवं संचालक मंडल के सदस्य, भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता, मंडल अध्यक्ष, कार्यकर्तागण, सहकारिता, कृषि एवं राजस्व विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में क्षेत्र के किसान भाई उपस्थित रहे । सभी केंद्रों पर उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला और किसानों ने सुचारू व्यवस्था तथा किसान कुटीर के लोकार्पण के लिए प्रदेश सरकार एवं विधायक इंद्र कुमार साहू जी के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *