अभनपुर क्षेत्र के मानिकचौरी में हुआ आयोजन
DCB न्यूज, नवापारा-राजिम: पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रविवार को मानिकचौरी में संत निरंकारी मिशन द्वारा वननेश वन कार्यक्रम अंतर्गत वृक्षारोपण एवं वृक्ष संरक्षण अभियान चलाया गया। इस दौरान मिशन के सदस्यों द्वारा 100 से भी ज्यादा की संख्या में पौधे रोपित किये गए. अभियान के माध्यम से लोगों को अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल कर उन्हें वृक्ष के रूप में विकसित करने का संदेश दिया गया।

मिशन की ओर से आयोजित इस अभियान का उद्देश्य प्रकृति के संरक्षण के साथ-साथ समाज में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। कार्यक्रम में पेड़-पौधों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा गया कि स्वच्छ एवं संतुलित पर्यावरण के लिए अधिक से अधिक पौधारोपण आवश्यक है। केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी सुरक्षा और नियमित देखभाल करना भी प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।

अभियान बाबा हरदेव सिंह जी महाराज की 67वीं जन्म जयंती के अवसर पर उन्हें श्रद्धांजलि स्वरूप समर्पित किया गया। इसका आयोजन संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन के सौजन्य से किया गया।
संत निरंकारी मिशन के इस प्रयास से पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने के साथ प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का संदेश भी दिया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में मिशन के सदस्यगण उपस्थित थे.