समर्थको के साथ 200 किमी दूर रायगढ़ पहुंचकर दी बधाई

नवापारा-राजिम। छत्तीसगढ़ शासन के वित्त मंत्री ओपी चौधरी के जन्मदिवस के अवसर पर युवा भाजपा नेता किशोर देवांगन अपने समर्थकों के साथ रायगढ़ पहुंचकर उन्हें शुभकामनाएं दीं। 2 जून को आयोजित इस आत्मीय मुलाकात में किशोर देवांगन ने मंत्री चौधरी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं उज्ज्वल राजनीतिक भविष्य की कामना की।

जानकारी के अनुसार, किशोर देवांगन अपने युवा समर्थकों के साथ लगभग 200 किलोमीटर की दूरी तय कर रायगढ़ स्थित मंत्री चौधरी के अधिकृत कार्यालय पहुंचे। इस दौरान वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने सभी आगंतुकों का आत्मीय स्वागत करते हुए उनका आभार व्यक्त किया तथा अपने हाथों से मिठाई खिलाकर स्नेह प्रकट किया। उन्होंने युवाओं को जनहित और समाज सेवा के कार्यों में पूरी ईमानदारी एवं समर्पण के साथ जुटे रहने की प्रेरणा भी दी।

इस अवसर पर किशोर देवांगन ने कहा कि ओपी चौधरी उनके मार्गदर्शक एवं बड़े भाई के समान हैं। उनका लगभग 15 वर्षों से चौधरी के साथ जुड़ाव रहा है, लेकिन आज भी उन्हें परिवार के सदस्य और छोटे भाई की तरह स्नेह एवं सम्मान मिलता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के हजारों युवाओं की तरह उन्होंने भी ओपी चौधरी से लक्ष्य के प्रति समर्पण, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा प्राप्त की है।
किशोर देवांगन ने आगे कहा कि ओपी चौधरी की प्रशासनिक एवं राजनीतिक कार्यशैली से प्रदेश का हर वर्ग परिचित है। उनकी सोच स्पष्ट है कि छत्तीसगढ़ को विकास और सुशासन के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जाए। इसी उद्देश्य को साकार करने के लिए वे निरंतर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है, जिसमें ओपी चौधरी की महत्वपूर्ण भूमिका है।
किशोर देवांगन ने कहा कि फर्श से अर्श तक का सफर तय करने के बावजूद ओपी चौधरी आज भी जमीन से जुड़े हुए व्यक्तित्व हैं। यही कारण है कि प्रदेश के युवा ही नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग के लोग उनके कार्यों और व्यक्तित्व से प्रभावित हैं। उल्लेखनीय है कि किशोर देवांगन प्रत्येक वर्ष ओपी चौधरी के जन्मदिवस पर रायगढ़ पहुंचकर उन्हें शुभकामनाएं देते रहे हैं।