सार्वजनिक शौचालय में जेंट्स टॉयलेट जाम, मूलभूत सुविधा के लिए तरस रहे लोग

महानदी में अस्थि विसर्जन के लिए आने वाले लोगों में नाराजगी,
मोहल्लेवासियों ने तत्काल मरम्मत व कर्मचारी की व्यवस्था की मांग की

DCB न्यूज, नवापारा राजिम: नगर के वार्ड क्र -5 इंदिरा मार्केट में लोगों की सुविधा के लिए बनाए गए सार्वजनिक शौचालय एवं स्नानघर की व्यवस्था इन दिनों बदहाल नजर आ रही है। यहां जेंट्स साइड का शौचालय पूरी तरह जाम हो जाने के कारण लोगों को मूलभूत सुविधा के लिए परेशान होना पड़ रहा है। लंबे समय से बनी इस समस्या के बावजूद अब तक उचित समाधान नहीं होने से लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।


यह सार्वजनिक शौचालय महानदी तट के समीप होने के कारण स्थानीय लोगों के साथ-साथ अस्थि विसर्जन एवं अन्य धार्मिक कार्यों के लिए बाहर से आने वाले लोगों के लिए भी महत्वपूर्ण सुविधा है। शौचालय बंद होने से विशेषकर बुजुर्गों, महिलाओं के साथ आने वाले परिवारों तथा दूर-दराज से पहुंचने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अस्थि विसर्जन के लिए पहुंचे लोगों ने भी व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताते हुए तत्काल सुधार की मांग की है।

img 20260908 0549141190005222371770042


मोहल्लेवासियों के लिए भी महत्वपूर्ण सुविधा
स्थानीय नागरिकों के अनुसार यह शौचालय आसपास के मोहल्लेवासियों के लिए निस्तारी का एकमात्र प्रमुख साधन है। ऐसे में इसके जाम होने से रोजमर्रा की जरूरतों के लिए लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। लोगों का कहना है कि सार्वजनिक सुविधा के नाम पर बनाए गए शौचालय की नियमित देखरेख नहीं होने से धीरे-धीरे इसकी व्यवस्था खराब होती जा रही है।

img 20260908 0545323944882878520379331

मरम्मत के साथ कर्मचारी की हो स्थायी व्यवस्था


स्थानीय लोगों ने नगर पालिका प्रशासन से मांग की है कि जेंट्स शौचालय की तत्काल प्रभाव से मरम्मत कराकर इसे उपयोग के योग्य बनाया जाए। इसके साथ ही शौचालय की नियमित साफ-सफाई और देखरेख के लिए स्थायी रूप से कर्मचारी की व्यवस्था की जाए।
लोगों का कहना है कि केवल शौचालय बनाकर छोड़ देना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसकी नियमित सफाई, पानी की व्यवस्था, समय-समय पर मरम्मत और निगरानी भी जरूरी है। महानदी तट से जुड़े इस महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थल पर देश-प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से लोग आते हैं। ऐसे में यहां मूलभूत सुविधाओं की बदहाली नगर की छवि पर भी असर डालती है।

नागरिकों ने नगर पालिका प्रशासन से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल मौके का निरीक्षण कर शौचालय की जाम व्यवस्था को दुरुस्त कराया जाए तथा नियमित देखभाल की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

क्या कहते है पालिकाधिकारी

इस मामले में स्थानीय मुख्य नगर पालिकाधिकारी लवकेश कुमार पैकरा ने कहाकि सुधार हेतु इसे दिखवाता हूँ. इसके उचित समाधान के लिए इसे प्रकिया में लगे हुए है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *