पालिका व पुलिस को सौंपा ज्ञापन, अनुविभागीय अधिकारी को भी भेजा पत्र
नईदुनिया न्यूज, नवापारा राजिम। नगर की बिगड़ती यातायात व्यवस्था को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी नवापारा के महामंत्री सुरेन्द्र साहू ने नगर पालिका एवं पुलिस प्रशासन का ध्यान आकर्षित कराया है। उन्होंने मुख्य नगर पालिका अधिकारी और थाना प्रभारी गोबरा नवापारा को आवेदन सौंपकर जाम, अव्यवस्थित पार्किंग, सड़क किनारे अतिक्रमण तथा सड़कों पर बैठे मवेशियों की समस्या के समाधान के लिए ठोस एवं नियमित कार्रवाई की मांग की है।
शाम को सुभाष चौक, सदर रोड व दीनदयाल उपाध्याय चौक में लगता है भारी जाम
सुरेन्द्र साहू ने बताया कि गंज रोड से सुभाष चौक होते हुए सदर रोड तथा दीनदयाल उपाध्याय चौक से सुभाष चौक होते हुए सदर रोड तक शाम के समय यातायात का दबाव बढ़ने से आए दिन जाम की स्थिति बनती है। बस स्टैंड स्थित दीनदयाल उपाध्याय चौक पर वाहनों की अधिक आवाजाही के कारण यहां नियमित यातायात नियंत्रण की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि गंज रोड, सदर रोड और इंदिरा मार्केट क्षेत्र में सड़क किनारे ठेला-गुमटी, छोटे व्यवसाय और बेतरतीब पार्किंग के कारण सड़क की चौड़ाई कम हो गई है। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी होती है। वहीं, सड़कों पर खुले में घूमते और बैठे मवेशी भी यातायात में बाधा बनने के साथ दुर्घटना का खतरा बढ़ा रहे हैं।

अव्यवस्थित पार्किंग और अतिक्रमण पर हो नियमित कार्रवाई… सुरेंद्र साहू
आवेदन में प्रमुख चौक-चौराहों पर विशेषकर शाम के समय पुलिस या यातायात जवानों की ड्यूटी लगाने, अव्यवस्थित पार्किंग और अतिक्रमण पर नियमित कार्रवाई करने तथा ठेला-गुमटी संचालकों के लिए उनकी आजीविका प्रभावित किए बिना व्यवस्थित स्थान निर्धारित करने की मांग की गई है। साथ ही सड़कों पर घूमने वाले मवेशियों को हटाकर सुरक्षित स्थान पर रखने और संबंधित पशुपालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की मांग भी की गई है।
सुरेन्द्र साहू ने कहा कि शहर की यातायात व्यवस्था नागरिक सुविधा के साथ-साथ सुरक्षा से भी जुड़ा विषय है। नगर पालिका और पुलिस प्रशासन को संयुक्त रूप से अभियान चलाकर समस्या का स्थायी समाधान करना चाहिए। आवेदन की प्रतिलिपि अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), अभनपुर को भी आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है।