पूर्व विधायक धनेन्द्र साहू की उपस्थिति में कांग्रेसियो ने भरी हुंकार
नवापारा राजिम: स्थानीय नवापारा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के तत्वाधान में व पूर्व विधायक धनेन्द्र साहू के नेतृत्व में नगर पालिका परिषद गोबरा नवापारा द्वारा विभिन्न करों में की गई अत्यधिक वृद्धि एवं प्रशासनिक अव्यवस्थाओं को लेकर बुधवार को एक दिवसीय धरना प्रदर्शन का आयोजन किया गया. जिसमे कांग्रेस कार्यकर्त्ता सहित सैकड़ो की संख्या में असंतोष नागरिकों की उपस्थिति रही । इस संबंध में नागरिकों की ओर से मुख्य नगर पालिका अधिकारी के नाम इंजिनियर राहुल थवानी को एक ज्ञापन सौंपकर कई महत्वपूर्ण मांगें रखी गई हैं और शीघ्र कार्रवाई की मांग की गई है।

ज्ञापन में बताया गया है कि नगर में नल-जल योजना की राशि बिना पूर्व सूचना के प्रतिमाह 80 रुपये से बढ़ाकर 180 रुपये कर दी गई है, जिससे आम जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ गया है। नागरिकों ने इस बढ़ी हुई राशि को वापस लेने की मांग की है। इसके साथ ही सफाई शुल्क के नाम पर छोटे-छोटे स्थानों में भारी भरकम राशि वसूली जा रही है, जिसे अनुचित बताते हुए इसमें कमी करने की आवश्यकता जताई गई है।इसके अलावा शिक्षा उपकर को निरस्त करने की भी मांग की गई है। वार्ड क्रमांक 20 एवं 21 में स्वीकृत राशन दुकानों को वार्ड क्रमांक 02 में संचालित किए जाने पर भी आपत्ति जताई गई है और मांग की गई है कि दुकानों का संचालन पुनः संबंधित वार्डों में ही किया जाए।

वार्ड क्रमांक 18 में स्थित ऋषिदास वैष्णव भवन के पीछे निर्मित अवैध दुकानों को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं। नागरिकों का कहना है कि इन दुकानों पर पूर्व परिषद के संकल्प के अनुसार विधिवत कार्रवाई की जानी चाहिए। वहीं पानी टंकी के पीछे स्थित शासकीय भूमि पर किए गए अवैध निर्माण को लेकर भी नाराजगी जाहिर की गई है। बताया गया है कि उक्त भूमि पर पहले राजस्व विभाग द्वारा कार्रवाई की जा चुकी है, इसके बावजूद वहां व्यवसाय संचालित किया जा रहा है, जिसे तत्काल रोके जाने की मांग की गई है।
नागरिकों ने उम्मीद जताई है कि नगरपालिका प्रशासन जनहित को ध्यान में रखते हुए सात दिनों के भीतर सभी मांगों पर गंभीरता से उचित कार्रवाई करेगा, अन्यथा आगे आंदोलन का रास्ता अपनाया जा सकता है। उक्त धरना प्रदर्शन में पूर्व विधायक धनेन्द्र साहू, नवापारा ब्लॉक अध्यक्ष रामा यादव, नेता प्रतिपक्ष संध्या राव, नवापारा महिला मोर्चा अध्यक्ष व पार्षद दीपाली सिंह राजपूत, मण्डल अध्यक्ष अजय साहू, अजय कोचर, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष सौरभ शर्मा, पालिका अध्यक्ष धनराज मध्यानी, उपाध्यक्ष सरदार जीत सिंग, चतुर जगत, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता शिखरचंद बाफना, बीरबल सिंह राजपूत, पार्षद राम रतन निषाद, तरुण कंसारी, हेमंत साहनी, अर्जुन साहू, फागुराम देवांगन, टिकेश्वर गिलहरे, पूर्व पार्षद मंगराज सोनकर,लोकिन साहू, रमेश तिवारी, राजा चावला, राकेश सोनकर, अहमद रिज़वी, मुरली राजपूत, मयंक शाह, रामकुमार शर्मा सहित बड़ी संख्या मे अन्य कांग्रेस कार्यकर्त्ता व आमजन उपस्थित थे.
