DCB न्यूज, नवापारा राजिम: नगर के सबसे व्यस्त गंज रोड से इन दिनों एक बार फिर दिन के उजाले में दैत्याकार रेत से लदे हाइवा बेखौफ दौड़ रहे हैं। सोमवारी बाजार से बस स्टैंड तक का यह मार्ग जहां स्कूल, मंडी, बड़ी-बड़ी दुकानें हैं और रोजाना हजारों लोग खरीददारी व आवागमन करते हैं, वहां इन विशालकाय वाहनों की आवाजाही से दुर्घटना का गंभीर खतरा बढ़ गया है। पहले भी इन रेत हाइवाओं की वजह से कई हादसे हो चुके हैं, फिर भी काले कारोबारियों का हौसला बुलंद है।
स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों में भारी रोष है। उनका कहना है कि नगर पालिका ने गंज रोड के प्रवेश द्वार और सोमवारी बाजार में बड़े-बड़े बोर्ड लगाकर स्पष्ट लिख रखा है कि रात 10 बजे से सुबह 6 बजे के अलावा किसी भी समय रेत परिवहन पूर्णतः प्रतिबंधित है। बावजूद इसके नियमों को ठेंगा दिखाते हुए दिन भर रेत के हाइवा धड़ल्ले से निकल रहे हैं। लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर प्रशासन की नाक के नीचे यह अवैध खेल कैसे चल रहा है?
आम जनता ने की कड़ी कार्रवाई की मांग
नागरिकों ने स्थानीय प्रशासन से मांग की है कि प्रतिबंधित समय में रेत गाड़ियां चलाने वालों के खिलाफ तुरंत सख्त कार्रवाई की जाए। इस विषय पर खनिज विभाग से जुड़े सुपरवाइजर सुनील दत्त शर्मा ने कहाकि इसके रोकथाम के लिए पालिका को अपना एक कर्मचारी वहां बैठाना चाहिए. ताकि इसे रोका जा सके. और प्रतिबंधित समय से निकलने वाली गाड़ियों को पकड़कर पुलिस को सुपुर्द करना चाहिए. अब देखना होगा कि इस प्रतिबंधित समय पर निकलने वाले रेत वाहनों के खिलाफ स्थानीय पालिका प्रसाशन, खनिज विभाग व पुलिस विभाग संयुक्त रूप से मिलकर क्या कार्यवाही करेंगे.

क्या कहते हैं सीएमओ
इस मामले में स्थानीय पालिकाधिकारी लवकेश कुमार पैकरा ने कहाकि विभागीय उच्च अधिकारी से बात करके जल्द ही प्रतिबंधित समय से परे समय में चल रही गाड़ियों पर कार्यवाही करेंगे.
क्या कहते हैं पालिका अध्यक्ष
इस मामले में नवापारा पालिका अध्यक्ष ओमकुमारी संजय साहू ने कहाकि तय समय सीमा में ही गाड़ियां निकले इसके लिए हम मिलकर इस ओर पहल करेंगे.