नवापारा मे अधूरे नाली निर्माण पर पूर्व पालिकाध्यक्ष का आरोप, उच्च स्तरीय जांच की मांग

लगभग 488 दुकानें और मकान, शासकीय व अर्धशासकीय भवन, सहित अन्य हुए प्रभावित

img 20240725 wa000086468784136221382998
पूर्व पालिकाध्यक्ष विजय गोयल

नईदुनिया न्यूज, नवापारा राजिम : स्थानीय नवापारा शहर में राजिम पुल से कुर्रा तक किए गए सड़क चौड़ीकरण एवं दोनों ओर नाली निर्माण के अधूरे कार्य को लेकर पूर्व पालिका अध्यक्ष विजय गोयल ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने तत्कालीन अधिकारियों पर लापरवाही और लीपापोती का आरोप लगाते हुए इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने तथा दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

img 20260324 0848541437364699181960690


विजय गोयल ने कहा कि अब तक नाली निर्माण कार्य पूर्ण नहीं हो पाया है और कई स्थानों पर इसे आपस में जोड़ा भी नहीं गया है। उन्होंने बताया कि जहां तक नाली का निर्माण हुआ है, उसके दोनों ओर लगभग 488 दुकानें और मकान, शासकीय व अर्धशासकीय भवन, सहित अन्य काफ़ी प्रभावित हुए हैं। कई घर और दुकानें नाली बनने के बाद नीचे दब गए हैं, जिसके चलते लोगों को अपने मकानों को तोड़कर पुनः ऊंचा बनाना पड़ रहा है। इससे उन्हें आर्थिक और मानसिक दोनों तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

img 20260323 1622006529052680182349457


उन्होंने यह भी बताया कि शुरुआत में ही इन समस्याओं को देखते हुए प्रभावित लोगों के सामूहिक हस्ताक्षर लेकर संबंधित विभाग को अवगत कराया गया था और नाली की ऊंचाई कम करने का निवेदन किया गया था, लेकिन अधिकारियों ने इस पर ध्यान नहीं दिया। परिणामस्वरूप आज व्यापारी और आम नागरिक भारी दिक्कतों से जूझ रहे हैं।


गोयल ने बताया कि मैडम चौक से महानदी पुल तक नाली का निर्माण अभी तक शुरू ही नहीं हुआ है, वहीं महानदी पुल से कुर्रा तक बनी नाली भी किसी निकासी बिंदु से जुड़ी नहीं है। बस स्टैंड और रेलवे क्रॉसिंग के पास भी नाली का समुचित कनेक्शन नहीं है, जिससे बारिश के दिनों में जल निकासी की गंभीर समस्या उत्पन्न हो सकती है।

img 20260323 162332168321074428546626


उन्होंने कहा कि करोड़ों रुपये की लागत से बना यह नाला अपने उद्देश्य को पूरा करने में पूरी तरह विफल साबित हो रहा है। उन्होंने मांग की है कि जहां-जहां कार्य अधूरा है, उसे जल्द पूर्ण कराया जाए और सभी हिस्सों को आपस में जोड़ा जाए, ताकि शहरवासियों को जल निकासी की सुविधा मिल सके।
पूर्व पालिकाध्यक्ष ने बताया कि वे जल्द ही संबंधित विभाग के मंत्री और कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर इस मामले की जांच के लिए उच्च स्तरीय टीम गठित करने तथा दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *